हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

काकोरी के इज्जत नगर कॉलोनी में एक दुखद घटना हुई। गृह प्रवेश की तैयारियों के दौरान एक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने किसान यूनियन के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया।

youth dies after coming in contact with high tension line family blocks road

n NBT न्यूज़, काकोरी: दुबग्गा के इज्जतनगर कॉलोनी में गृह प्रवेश के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मकान के छज्जे पर झालर सजाते समय 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। आक्रोशित परिवारीजनों ने किसान यूनियन के साथ धरने पर बैठ कर बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हरदोई रोड जाम कर दिया।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश पटेल के मुताबिक सारिब अब्बास गाजियाबाद में रेलवे विभाग में कंट्रोलर पद पर तैनात हैं। उन्होंने इज्जत नगर कॉलोनी में नया मकान बनवाया है, जिसका गृह प्रवेश शनिवार को होना था। शुक्रवार दोपहर बाद कार्यक्रम को लेकर तैयारी चल रही थी। मकान के छज्जे पर झालर सजाते समय हरदोई के संडीला निवासी कारीगर सुहैल (24 ) मकान के छज्जे पर करीब दो फुट ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों और कॉलोनीवासियों का आरोप है कि मकान मालिक ने नियमों के विपरीत छज्जा सड़क की ओर बढ़ाकर बनाया था, जबकि वहां पहले से 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजर रही थी। इसी वजह से यह हादसा हुआ।

आक्रोशित परिवारीजन किसान यूनियन के साथ धरने पर बैठ कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। एसडीओ संदीप वर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। ,साथ ही विभाग की तरफ हर सम्भव मदद की जाएगी। एसडीओ, जेई रिषी गोस्वामी और पुलिस द्वारा मुआवजा और मकान मालिक पर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए। मृतक के पिता जुबैर की तहरीर पर पुलिस सारिब के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी।