nNBT रिपोर्ट, लखनऊ: चौक में जेबीपी गार्डन में वैवाहिक समारोह में दो पक्षों में मारपीट व पथराव हो गया। एक पक्ष ने जानलेवा हमला कर वाहनों में तोड़फोड़ और दूसरे पक्ष ने छेड़छाड़ व हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 7 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ डकैती समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विकासनगर सेक्टर-5 निवासी अजय राज सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को रात 11 बजे वह जेबीपी गार्डन में आयोजित शादी समारोह में दोस्त समृद्ध सिंह, असद, फैसल, अफसान गाजी व तीन अन्य लोगों के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे वह खाने की प्लेट लेने पहुंचे, तभी दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए वहां से निकल जाने की बात कही। विरोध पर दोनों युवकों और उसके करीब 15-20 साथियों ने रॉड व धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन लोगों ने पथराव किया और समृद्ध की सोने की चेन व सोने का ब्रेसलेट लूट लिया। आरोपितों ने उनकी दो कारों में भी तोड़फाेड़ की। पीड़ितों ने किसी तरह साथियों संग वहां से भागकर अपनी जान बचाई। अजय ने 16 अप्रैल को दो नामजद व करीब 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वहीं, दूसरे पक्ष से एक महिला ने बताया कि उनके देवर की शादी थी। फैसल को समारोह को आमंत्रित किया गया था। फैसल संग समरीन, बव्वा, अजय, नदीम व अन्य पांच लोग बिना बुलाए आ गए। उन लोगों ने छेड़छाड़ करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर परिवारीजनों पर हमला कर दिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपितों ने उनकी सोने की अंगूठी और पति की चेन लूट ली। पीड़िता ने पांच नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

