n NBT न्यूज, लोनी : लोनी से गाजियाबाद जाने वाले रोड पर तेज रफ्तार कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे आ रहा ऑटो और स्कूटी सवार भिड़ गए। हादसे में स्कूटी सवार और ऑटो में बैठी महिला और एक अन्य युवक घायल हो गया। महिला और स्कूटी सवार को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सीमापुरी निवासी शिवा शुक्रवार दोपहर रिश्तेदार से मिलने स्कूटी से लोनी आ रहे थे। उनके भाई राजू ने बताया कि लोनी गाजियाबाद रोड पर एक स्कूल के पास आगे चल रहे कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिये, जिससे ऑटो अनियंत्रित हो गया। ऑटो और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी चला रहे शिवा, ऑटो में बैठे मोरपाल व महिला अनीता चोटिल हो गए।

