n NBT न्यूज, मोदीनगर : अस्पताल स्टाफ की लापरवाही के कारण छह माह के बच्चे की हालत बिगड़ने पर गुस्साए परिजन अस्पताल में धरने पर बैठ गए। बच्चे को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत करवा दिया। मामला बैंक कॉलोनी स्थित विद्यावती दूबे नर्सिंग होम से जुड़ा है। तिबड़ा रोड कृष्णा कुंज निवासी शुभम राठी के अनुसार, उनके छह माह के बेटे विवान की सांस नली में प्रॉब्लम थी। 13 अप्रैल को वह बेटे को लेकर अस्पताल आए। इलाज के चलते उसको भर्ती कर लिया। 15 अप्रैल को आराम बता बेटे को डिस्चार्ज कर दिया। पिता का आरोप है कि उसी रात बेटे की दोबारा तबीयत बिगड़ गई। वह रात में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर को बुलाने के नाम पर अस्पताल कर्मी ने 15 सौ रुपये लिए। डॉक्टर ने आकर स्टाफ को दवाइयां बताईं और चले गए। आरोप है कि स्टाफ ने उनको अस्पताल से बाहर निकालकर गेट बंद कर दिया। गंभीर हालत में परिजनों ने बच्चे को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया।स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों के साथ परिजन शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे। अस्पताल संचालिका के साथ कहासुनी हुई तो वे धरने पर बैठ गए। अस्पताल संचालिका डॉ. पूनम गर्ग का कहना है कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसकी फुटेज देखी गई तो पता चला कि परिजन खुद बच्चे को लेकर कार में बैठकर चले गए थे। इसके बाद स्टाफ ने गेट बंद किया था। परिजनों को फुटेज दिखाकर समझाया गया। इसके बाद मामला शांत हो गया है।

