n NBT न्यूज, फरीदाबाद
प्रदेश के राज्य मंत्री राजेश नागर के पैतृक गांव तिगांव की मुख्य सड़क इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई है। हालात ऐसे हैं कि सुबह से लेकर शाम तक इस सड़क पर जाम लगा रहता है। कई बार तो वाहन चालकों को एक-एक घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। तिगांव के फिरनी रोड पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसको स्मार्ट रोड का दर्जा भी दिया गया है। सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। यह रोड कई जगह से उखड़ने भी लगी है। निवासी दीपक गर्ग, तुषार गोयल, रमेश चंद सैनी का कहना है कि यह सड़क करीब 20 गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। रोजाना हजारों लोग इस रास्ते से गुजरते हैं। सड़क किनारे मिट्टी का भराव नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है। कई जगहों पर सड़क ऊंची है, जबकि किनारे नीचे होने के कारण वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं। इसके चलते आए दिन हादसे में लोग चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। तिगांव के सरपंच विक्रम सिंह नागर का कहना है कि सड़क के संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, मगर कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, किनारों पर मिट्टी का भराव कराया जाए। राज्य मंत्री राजेश नागर का कहना है कि सड़क के बारे में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। जाम से निपटने के लिए पुलिस को गश्त करने का निर्देश दिया गया है।



