मॉनसून से पहले कर लें तैयारी, ताकि न बिगड़ें हालात : गोयल

नवभारतटाइम्स.कॉम

प्रदेश के यूएलबी मिनिस्टर विपुल गोयल ने गुड़गांव, मानेसर और फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारियों को मॉनसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सीवरेज और ड्रेनेज की सफाई के साथ मरम्मत के काम मई के अंत तक पूरे होने चाहिए।

complete preparations in gurgaon before monsoon strict instructions from minister goyal

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शहर में मॉनसून से पहले अधिकारी सभी तैयारियां पूरी कर लें। सीवरेज, ड्रेनेज की सफाई के अलावा मरम्मत के काम समय पर पूरे कर लें। मई माह के अंत तक ये सभी काम पूरे हो जाने चाहिए। शहर को पूरी तरह से स्ट्रे कैटल फ्री करने के लिए बडे़ स्तर पर ड्राइव चलाया जाए। इसके अलावा फरीदाबाद रोड को पूरी तरह से सीएंडडी वेस्ट फ्री किया जाए। ये दिशा-निर्देश प्रदेश के यूएलबी मिनिस्टर विपुल गोयल ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गुड़गांव, मानेसर और फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में दिए।

विपुल गोयल मॉनसून से पहले की जाने वाली तैयारियों को लेकर तीनों नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान गुड़गांव, फरीदाबाद और मानेसर नगर निगमों की ओर से मॉनसून को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जलभराव संभावित स्थानों की पहचान, ड्रेनों की सफाई, स्टॉर्म वॉटर पाइपलाइन की स्थिति, सीवरेज व्यवस्था और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

‘जलभराव संभावित स्थानों पर चल रहा काम’

नगर निगम गुड़गांव के अधिकारियों ने बताया कि शहर में कुल 159 जलभराव संभावित स्थान चिन्हित किए गए हैं। इनमें चार अत्यधिक गंभीर, 39 गंभीर, 56 मध्यम और 60 मामूली श्रेणी के स्थान शामिल हैं। नगर निगम की ओर से ड्रेनों की सफाई और मरम्मत कार्य जारी है। कुल 607 किमी ड्रेन में से 408 किमी की सफाई पूरी हो चुकी है। बाकी काम 31 मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ड्रेन से संबंधित 97 कार्यों में से 72 पूरे हो गए हैं।