n NBT न्यूज, फरीदाबाद : सेक्टर-29 हुडा के निवासियों का कहना है कि पिछले तीन-चार दिन से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नहीं आ रही हैं। ऐसे में घरों में कूड़े की बदबू फैलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां करीब 30 से 35 घरों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था नहीं की गई है। कूड़ा उठाने वाले न तो समय पर आते हैं और न ही गीले-सूखे कचरे को अलग करके ले जाते हैं।
निवासियों का कहना है कि कूड़ा उठाने का जिम्मा संभालने वाले हर घर से 50 रुपये महीना वसूलते हैं, इसके बावजूद कई दिनों से नहीं आ रहे। घरों में जमा कूड़ा बाहर फेंकने को लोग मजबूर हैं, जिससे गलियों और सड़कों पर गंदगी फैल रही है। निवासी देवी चरण ने बताया कि सेक्टर में पिछले कुछ दिनों से घरों से कूड़ा उठाने की गाड़ियां नहीं आ रही हैं। लोगों के घरों में कूड़ा जमा हो गया है। बढ़ती गंदगी और बदबू के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इससे बच्चों और बुजुर्गों में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कूड़ा उठाने वाले लोग हफ्ते में दो या तीन दिन ही आते हैं और पूरे महीने का चार्ज लेते हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सुबोध नागपाल ने बताया कि घरों से कूड़े का उठान नहीं होने से परेशान लोग शिकायत कर रहे हैं। निगम को जल्द इसमें हस्तक्षेप कर नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था करनी चाहिए। इस संबंध में सुपरवाइजर अजय का कहना है कि वे निगम की ओर से ही कूड़ा उठवाते हैं, लेकिन कुछ दिनों से लेबर न होने से कूड़ा उठाने में थोड़ी देरी हो रही है। जल्द ही सेक्टर के बाकी इलाके से भी कूड़ा उठाया जाएगा।



