n NBT न्यूज, फरीदाबाद : ग्रेटर फरीदाबाद के पुराने वजीरपुर रोड पर गांव से शहर की तरफ आ रही रेनीवेल की पाइप लाइन लीक हो रही है। इस कारण सड़क पर पानी भर रहा है। पानी की लाइन में लीकेज को दुरुस्त नहीं किया गया तो बड़े इलाके में पानी की सप्लाई पर असर पड़ सकता है। वहीं, दूसरी तरफ सड़क पर पानी भरने से इस एरिया में आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यमुना किनारे बसे ददसिया गांव से शहर में पानी की सप्लाई करने के लिए रेनीवेल लगा हुआ है। यह रेनीवेल काफी पहले एचएसवीपी ने लगाया था, जिसे बाद में नगर निगम को ट्रांसफर कर दिया गया था। अब नगर निगम से यह रेनीवेल एफएमडीए के पास पहुंच गया है। इस रेनीवेल से रोजाना शहर में करीब 10 एमएलडी पानी की सप्लाई होती है। यह रेनीवेल लाइन काफी लंबी है और बड़े एरिया को सप्लाई करती है। इससे ओल्ड फरीदाबाद के आसपास बसे सेक्टर-14, 15, अजरौंदा आदि में पानी की सप्लाई होती है। इसके साथ ही एनआईटी पांच, तीन के अलावा यह लाइन सैनिक कॉलोनी तक पानी सप्लाई करने का काम करती है। इस लाइन पर पानी के लिए शहर की बड़ी आबादी निर्भर करती है। फिलहाल गांव वजीरपुर रोड के पास पानी की लाइन में कुछ लीकेज हो गई है, जिससे पानी लीक होकर सड़क पर जमा हो रहा है। स्थानीय निवासी मनीष कुमार का कहना है कि सुबह-शाम पानी की सप्लाई होती है। इससे दोनों समय पानी अधिक निकलता है। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले सभी लोगों को परेशानी हो रही है। अगर इसे ठीक नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह लीकेज बढ़ सकती है। एफएमडीए के ईएक्सईएन अंकित भारद्वाज का कहना है कि हम मौके पर चेक करा लेते हैं और अगर कोई लीकेज है, तो उसे दुरुस्त करा दिया जाएगा।



