n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
बंधवाड़ी सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट पर शुक्रवार को तीसरे दिन भी आग सुलगती रही। 5 फायर टेंडरों पर 20 से अधिक कर्मचारी आग बुझाने में लगाए गए, जिससे 90 फीसदी आग पर काबू पा लिया गया था। वहीं, देर शाम हुई बारिश के चलते आग पूरी तरह बुझ गई। दरअसल, आग इतनी अधिक थी कि नीचे तक पहुंच गई थी, जिसके कारण उसे बुझाने में समय लगा। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए प्लांट पर एक की बजाय दो फायर टेंडर पूरी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। इसे लेकर निगम की ओर से फायर विंग को लेटर लिखा गया है।
बता दें कि बुधवार दोपहर को बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर आग लग गई थी। तापमान अधिक होने से मीथेन गैस की वजह से आग लगने को कारण बताया जा रहा है। ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है। आग बुझाने में 15 से अधिक फायर टेंडर लगाए गए। नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया, जॉइंट कमिश्नर प्रीतपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी यहां पर पहुंचे थे। निगम के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर संदीप सिहाग ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। यहां हर वक्त दो फायर टेंडरों की तैनाती के लिए फायर विंग को लेटर लिखा गया है।



