n NBT न्यूज, गुड़गांव: जयपुर से होते हुए गुड़गांव के रास्ते दिल्ली की ओर जाने वाला नैशनल हाइवे-48 इन दिनों सुरक्षा खामियों के चलते खतरनाक मार्ग बनता जा रहा है। इस व्यस्त हाइवे पर कई स्थानों पर सेफ्टी ग्रिल टूटी हुई है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के लिए जोखिम बढ़ गया है। खासतौर पर डूंडाहेड़ा कट और नरसिंहपुर के पास स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
टूटी ग्रिल के साथ खुला ड्रेन है जानलेवा: जयपुर से दिल्ली की ओर आते समय गुड़गांव में उद्योग विहार कट पर सेफ्टी ग्रिल क्षतिग्रस्त है। कुछ स्थानों पर ग्रिल पूरी तरह गायब है। यहां सबसे बड़ा खतरा ग्रिल से सटे बने ड्रेनेज सिस्टम से है, जो फिलहाल खुला हुआ है। बारिश के पानी की निकासी के लिए बना यह नाला खुला हुआ है। ऐसे में यदि कोई वाहन अनियंत्रित होता है, तो सीधे इस नाले में गिरने की आशंका बनी रहती है। रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है। वहीं, इसी तरह जयपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले इसी मार्ग पर जिले के नरसिंहपुर कट के पास भी सेफ्टी ग्रिल जगह-जगह से टूटी हुई है। लगातार भारी ट्रैफिक के बीच यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

