NBT न्यूज, हिसार
हिसार में गुरुवार को गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में हुए बवाल के बाद शुक्रवार को पुलिस ने जेजेपी युवा अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला समेत कई कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर लिया है। छह नेताओं तरुण गोयल, जितेंद्र श्योरान, रवि आहूजा, बिजेंद्र धानक, दीपक घनघस, जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके विरोध में शुक्रवार को दिग्विजय चौटाला और पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला गिरफ्तारी देने SP ऑफिस पहुंचे। दिग्विजय ने आरोप लगाया कि रात तीन बजे बिना महिला पुलिसकर्मी उनके नेता तरुण गोयल के घर पहुंची और उनकी पत्नी से अभद्रता की, धक्के दिए। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि सब्जी मंडी पुल पर पुलिस की एक गाड़ी से उन्हें कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने दावा किया कि सिविल ड्रेस में एक पुलिसकर्मी ने उन पर हथियार तानकर गाड़ी रुकवाने की कोशिश की।

