n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर एक व्यक्ति से 17 हजार 990 रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिही सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति के पास पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आ रही थी। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया। आरोपी ने 11 अप्रैल को वॉट्सऐप के जरिए एक लिंक भेजा और उसमें कार्ड की जानकारी भरने को कहा। पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक कर अपने एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स भर दीं, उसके खाते से 17,990 रुपये कट गए। ठगी का एहसास होने पर पवन कुमार ने तुरंत ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह केस 16 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया। आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें व बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।



