तीन साल बाद होगा BBAU में दीक्षांत समारोह

नवभारतटाइम्स.कॉम
bbau convocation ceremony after three years rajnath singh to honor meritorious students on august 29
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में अखिरकार तीन साल बाद दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है। इसके लिए तारीख का ऐलान कर दिया गया है। 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त को परिसर में होगा, जिसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। वह विद्यार्थियों को उपाधियां और मेडल से सम्मानित करेंगे। इस बार पिछले चार बैच के मेधावियों को एक साथ डिग्री और मेडल दिए जाएंगे। NBT की ओर से लगातार इस मुद्दे पर खबर प्रकाशित की गई।

बीबीएयू में यह अब तक सबसे बड़ा दीक्षांत समारोह होने जा रहा है, क्योंकि इसमें सबसे ज्यादा छात्रों को डिग्री और मेडल दिए जाएंगे। विवि में साल 2022 बैच का दीक्षांत समारोह हुआ था। उसके बाद से वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह अब होगा। इस समारोह में चारों बैचों के करीब 8300 विद्यार्थियों डिग्री दी जाएगी। वहीं इस बार लगभग 450 मेधावियों को डिग्री से सम्मानित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में करीब 390 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। समारोह में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन का पोर्टल खोला गया था जिसमें अब तक लगभग 4100 विद्यार्थियों ने समारोह में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल 16 अगस्त तक खुला रहेगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने बताया कि समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सुरक्षा, पंजीकरण, अतिथि सत्कार, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।