Hockey Junior Asia Cup Four Up Stalwarts To Showcase Strength Secure Place In National Team
हॉकी टीम में दिखेगी UP के चार धुरंधरों की धमक
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
भारतीय हॉकी में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा लगातार मजबूत होता जा रहा है। आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप के लिए घोषित भारतीय टीम में यूपी के चार प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपनी जगह पक्की की है। राष्ट्रीय टीम में चयन की खबर मिलते ही प्रदेश के खेल गलियारों में खुशी की लहर दौड़ गई।घोषित टीम के अनुसार, पुरुष वर्ग में गाजीपुर के आशू मौर्या और अजीत यादव को भारत की नीली जर्सी पहनने का अवसर मिला है। वहीं, महिला टीम में वाराणसी की पूर्णिमा यादव और मधु अपनी स्टिक का जादू बिखेरती नजर आएंगी।
राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने वाले अजीत यादव और मधु के करियर को संवारने में लखनऊ की अहम भूमिका रही है। गाजीपुर के रहने वाले अजीत यादव ने कुर्सी रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज से हॉकी की बारीकियां सीखीं हैं। लगभग एक साल पहले भारतीय जूनियर कैंप का हिस्सा बने अजीत ने अपने निरंतर प्रदर्शन के दम पर आखिरकार मुख्य टीम में जगह बना ली। उनके बड़े भाई अजय यादव भी इसी कॉलेज से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
वहीं, वाराणसी की मधु ने लखनऊ स्थित हॉकी हॉस्टल में रहते हुए अपने खेल को निखारा। आधुनिक तकनीकों और कड़े अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छाने वाली मधु को कैंप के बाद अब भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। दूसरी ओर, पूर्णिमा यादव ने गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज से अपनी खेल यात्रा शुरू कर राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया।
उत्तर प्रदेश हॉकी के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के युवा लगातार भारतीय हॉकी का परचम बुलंद कर रहे हैं। हाल ही में जापान में U-18 एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम और फाइव-ए-साइड राष्ट्रीय टीम में भी यूपी के 5-5 खिलाड़ियों ने जगह बनाई थी। अब जूनियर एशिया कप में चार खिलाड़ियों का चयन, खासकर बालिकाओं का लगातार आगे आना, राज्य में हॉकी के उज्ज्वल भविष्य का प्रमाण है।