सीएचसी में एक्सरे मशीन खराब, भटक रहे मरीज़

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad chc x ray machine broken patients facing problems
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

खेड़ी कलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को पिछले करीब चार महीने से एक्सरे की सुविधा नहीं मिल रही है। अस्पताल की एक्सरे मशीन खराब होने के कारण जांच सेवा बंद पड़ी है। ऐसे में डॉक्टर की ओर से एक्सरे लिखे जाने के बाद मरीजों को जांच कराने के लिए निजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में मिलने वाली जांच सुविधा का भी लाभ नहीं मिल पा रहा।
सीएचसी में आसपास के कई गांवों से मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। खासकर गिरने, सड़क हादसे या किसी अन्य वजह से चोट लगने के मामलों में एक्सरे की जरूरत पड़ती है। अस्पताल में जांच की सुविधा बंद होने के कारण मरीजों को पहले सीएचसी में डॉक्टर को दिखाना पड़ता है और इसके बाद एक्सरे के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटर जाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग को इस मामले में समयबद्ध तरीके से कार्रवाई कर मरीजो को राहत देनी चाहिए। सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि इस जल्द ठीक कराने की कोशिश की जा रही है।