Ohe Wire Broken Due To Monkeys Jumping Seven Trains Affected Rail Traffic Disrupted
बंदरों के कूदने करने से टूटा OHE तार, सात ट्रेनें हुईं प्रभावित
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
ओल्ड फरीदाबाद और तुगलकाबाद रेलवे स्टेशन के बीच एनएचपीसी बुढ़िया नाले के पास रविवार सुबह ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (ओएचई) का तार टूटने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। तार टूटने के कारण थर्ड लाइन करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रही। इससे दो ईएमयू के अलावा गतिमान एक्सप्रेस और यशवंतपुर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तार टूटने की वजह बंदरों का जंप करना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:20 बजे मथुरा से दिल्ली जा रही 64903 मथुरा शटल के लोको पायलट ने बुढ़िया नाले के पास ओएचई तार टूटा हुआ देखा। उन्होंने ट्रेन को चार-पांच पोल पहले ही रोक दिया और तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। तार टूटने से संभावित खतरे को देखते हुए निजामुद्दीन से मथुरा की ओर जा रही गतिमान और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को भी नियंत्रित कर धीमी गति से निकाला गया। मथुरा शटल के यात्रियों को राहत देने के लिए पीछे आ रही 64055 पलवल-गाजियाबाद शटल को दो-तीन मिनट रोककर यात्रियों को उसमें बैठाकर रवाना किया गया। हालांकि, बड़ी संख्या में महिला यात्री शिफ्ट नहीं हो सकीं।वहीं उत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अजय माइकल ने बताया कि रविवार सुबह 8:15 बजे फरीदाबाद- तुगलकाबाद सेक्शन में बंदर के ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन तार पर करंट लगने के कारण टूट गया। अप और डाउन लाइनों को सुबह 8:25 बजे चालू किया गया। बाकी लाइनों को चालू करने का काम सुबह 9:15 बजे शुरू हुआ। ओएचई में खराबी के कारण ट्रेन 64903 मथुरा शटल को रोकना पड़ा। सुबह करीब 9:46 बजे ट्रेनों की आवाजाही शुरू की गई । इन घटना के चले 64903 मथुरा शटल, 12627 कर्नाटका एक्सप्रेस, 64077 पलवल नई दिल्ली शटल, 64055 पलवल गाजियाबाद शटल, 12650 यशवंतपुर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 12050 गतिमान एक्सप्रेस और 64071 बल्लभगढ़ शकूरबस्ती शटल प्रभावित हुई।