जांच में खुलासा, सरकारी जमीन पर बना मिला चर्च

नवभारतटाइम्स.कॉम
जांच में खुलासा, सरकारी जमीन पर बना मिला चर्च
nNBT न्यूज, मोहनलालगंज

भदेसुवा के नयाखेड़ा गांव में बिना अनुमति चर्च निर्माण और सभाएं आयोजित किए जाने को लेकर चल रहे विवाद में राजस्व विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। तीन दिन तक चली जमीन की नाप-जोख, सीमांकन और सरकारी अभिलेखों की पड़ताल के बाद विवादित चर्च भवन सरकारी भूमि नवीन परती पर बना होने की पुष्टि हुई है। राजस्व टीम ने जांच पूरी कर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तहसील अधिकारियों को सौंप दी है। रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
एक सप्ताह पहले चर्च में सभा आयोजित किए जाने को लेकर विवाद गरमाया था। हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों और धर्मांतरण की आशंका जताते हुए हंगामा किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और सभा करा रहे पादरी को हिरासत में लेकर पूछताछ के साथ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद तहसील प्रशासन ने चर्च भवन के निर्माण वाली जमीन के स्वामित्व और राजस्व अभिलेखों में उसकी श्रेणी की जांच के निर्देश दिए थे।