Game Of Grabbing Government Land With Fake Documents Chakbandi Officer Expresses Concern Fears Obstruction In Justice
चकबंदी अधिकारी बोले-कमजोर धाराओं से न्याय में आएगी बाधा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : फर्ज़ी दस्तावेज के जरिए सरकारी जमीनों पर कब्जा करने और उनमें से कई जमीनें बेचने के खेल में चिनहट कोतवाली में तहरीर दी गई है। वहीं चकबंदी विभाग के बंदोबस्त अधिकारी ने जानकीपुरम ACP को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि केस में समुचित आपराधिक धाराओं का समावेश न करने से विवेचना की गुणवत्ता और न्याय सुनिश्चित करने में अवरोध उत्पन्न होने की आशंका है। लिहाजा निष्पक्ष व न्यायपूर्ण कार्रवाई करने का कष्ट करें। केस की मॉनिटरिंग कर रहीं ADM सिविल सप्लाई ज्योति गौतम के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि विवेचना में आरोपितों पर समुचित धाराएं बढ़ाई जाएंगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
इंदिरानगर के अमराई गांव निवासी अवधेश कुमार यादव पुत्र मेवालाल व अन्य के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज करने के लिए चिनहट कोतवाली में तहरीर भेजी गई है। इन लोगों पर बंजर में दर्ज गाटा संख्या-116, 669, 907, 935 और ऊसर में दर्ज गाटा संख्या-269,270,596,668,912,893 व अन्य के फर्जी दस्तावेज बनवाकर उसे अपने नाम दर्ज करवाने का आरोप है। उप संचालक, चकबंदी अधिकारी के कोर्ट में जब मेवालाल की जगह अवधेश व अन्य ने अपने नाम दर्ज करवाने का प्रयास किया तो जांच में सभी दस्तावेज जाली पाए गए। लिहाजा कोर्ट में अपील खारिज कर दी और दस्तावेज को फर्जी करार देते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। इसी क्रम में इन आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है। इसके अलावा 11 अन्य लोगों के विरुद्ध भी जल्द ही एफआईआर दर्ज होगी। इन लोगों ने भी फर्जी दस्तावेज से जमीन हासिल करने का प्रयास किया है।