ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जिम में लगी आग, छत पर फंसे 5 को बचाया

नवभारतटाइम्स.कॉम
greater noida west gym fire 5 people trapped on roof rescued by crane
nNBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट

बिसरख के सेक्टर वन स्थित महावीर प्लाजा में दूसरे फ्लोर पर बने द फिटनेस जिम में गुरुवार सुबह आग लग गई। लपटों और धुएं के कारण अंदर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। जिम के अंदर धुआं भरने से कुछ लोग सीढ़ियों से बाहर निकल आए, जबकि कुछ छत पर चढ़ गए। दमकल कर्मियों ने छत पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के लिए शीशा तोड़ने के दौरान सीएफओ को हाथ में चोट लगी है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गुरुवार को सुबह करीब 7:45 बजे जिम में अचानक आग लग गई। जिम के अंदर धुआं और आग की लपटें देखकर कुछ लोग सीढ़ियों से नीचे उतर आए, जबकि कुछ ऊपर छत पर चढ़ गए। पूरी बिल्डिंग में धुआं फैल गया, जिसकी वजह से छत पर चढ़े लोग ऊपर ही फंस गए। जिम दूसरे फ्लोर पर होने के कारण इमरजेंसी एग्जिट तक की कोई व्यवस्था नहीं थी।

सीएफओ को हाथ में हल्की चोट आई

सीएफओ ने बताया कि आग की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले छत पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। शीशे व दीवार तोड़कर अंदर पानी डाला गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पांच गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस घटना में रेस्क्यू और वेंटिलेशन की कार्रवाई के दौरान सीएफओ को हाथ में हल्की चोट लग गई। जिम में धुआं इतना ज्यादा था कि सामान्य तरीके से अंदर जाकर आग बुझाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद क्रेन की मदद से जिम के शीशे तोड़े गए,ताकि अंदर जमा धुएं को बाहर निकाला जा सके और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में आसानी हो सके। इसके अलावा पीछे की तरफ से दीवार तोड़ी गई। वहां से भी आग बुझाने का काम शुरू किया।