Jansuvidha Kendra Loot One Criminal Arrested Over 46 Thousand Cash Recovered
जनसुविधा केंद्र लूट में एक बदमाश गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
मलकपुर गांव स्थित ओम शांति साइबर कैफे (जनसुविधा केंद्र) से 80 हजार रुपये की लूट के मामले में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर ज्यू-2 स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी ओमकार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के 46,250 रुपये, लाइटर पिस्टल और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। वारदात में शामिल दूसरा आरोपी मोनू फरार है। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने जनसुविधा केंद्र में घुसकर हथियार दिखाते हुए वहां मौजूद युवक को डराया और रैक में रखे रुपये लूट लिए थे। जांच में पता चला कि ओमकार मोबाइल रिचार्ज कराने के बहाने केंद्र पर गया था। इसी दौरान उसने संचालक मोहित को रुपये रैक में रखते हुए देख लिया और लूट की साजिश रची। उसने अपने साथी मोनू को भी इसमें शामिल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले जनसुविधा केंद्र की रेकी करने पहुंचे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने टीशर्ट के ऊपर दूसरी शर्ट पहन रखी थी। मौका देखकर दोनों केंद्र में घुसे और वहां मोबाइल का काम सीख रहे अंसार को लाइटर पिस्टल दिखाकर डराया।