7X सेक्टरों में ट्रैफिक हुआ बदहाल, चौराहा पार करने में लग रहे 10 मिनट

नवभारतटाइम्स.कॉम
traffic jam in noidas 7x sectors takes 10 minutes to cross intersection police absent
n NBT न्यूज़, नोएडा

नोएडा में जहां-जहां चौराहे हैं वहां ट्रैफिक पुलिस दिखती है, सिग्नल पर हरी-लाल बत्ती चलती है। लेकिन 7X सेक्टरों (सेक्टर 74 से 80 तक) में जैसे सब नियमों से बाहर है। यहां नॉर्थ चौराहे पर 100 मीटर का रास्ता पार करने में 10 मिनट लग जाते हैं। इसकी वजह है बढ़ता ट्रैफिक, फेल सिग्नल और नदारद पुलिस। अब स्थानीय लोग पूछ रहे हैं, क्या 7X सेक्टर नोएडा के नक्शे से बाहर हैं? शहर के सेक्टर 18, 62 और बॉटनिकल गार्डन जैसे इलाकों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती आम बात है। नोएडा के 7X सेक्टर इस मामले में पूरी तरह उपेक्षित है। यहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, सोसायटियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था 2010 में ही अटकी हुई है।
नॉर्थ चौराहे का बुरा हाल

7X सेक्टरों का सबसे व्यस्त नॉर्थ चौराहा अब निवासियों के लिए सिरदर्द बन गया है। यहां ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग ट्रैफिक के हिसाब से नहीं है। इसका नतीजा है कि हर सिग्नल पर वाहनों की लंबी कतार लगती है। निवासी अमित ने कहा, शनिवार-रविवार को पूरे शहर में ट्रैफिक कम हो जाता है, लेकिन 7X में नहीं होता। नॉर्थ चौराहा पार करने में 10 मिनट लग जाते हैं। 3-4 बार सिग्नल बदलता है तब जाकर नंबर आता है। निवासियों का आरोप है कि पीक आवर्स में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है। स्कूल की बसें, दफ्तर जाने वाले लोग और एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं। कई बार कंट्रोल रूम में शिकायत करने के बाद भी मौके पर 1-2 पुलिसकर्मी ही पहुंचते हैं, जो नाकाफी साबित होते हैं।