पुराना सिलेबस पढ़ने के लिए छोड़नी पड़ेगी क्लास

नवभारतटाइम्स.कॉम
aktu to study the old syllabus you will have to leave class new trouble for failed students
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में बीटेक प्रथम वर्ष में फेल होने वाले छात्रों को इस बार दोबारा पढ़ाई करने के लिए तिकड़म अपनानी होगी। विवि में इस सत्र से बीटेक का नया पाठ्क्रम लागू किया गया है। ऐसे में प्रथम वर्ष में फेल होकर दोबारा ऐडमिशन लेने वाले पर भी ये नया सिलेबस लागू कर दिया है। इसके तहत छात्रों को फिर से पूरा नया सिलेबस बढ़ना पड़ेगा। ऐसे में जो छात्र नया सिलेबस नहीं पढ़ना चाहते हैं उन्हें बिना क्लास अटेंड किए एक्स स्टूडेंट के रूप में घर बैठे पढ़ाई करनी होगी। ऐसे छात्रों को पुराना सिलेबस पढ़ने की छूट दी गई है।

विश्वविद्यालय ने सत्र 2022-23 से बीटेक पाठ्यक्रम में एआईसीटीई मॉडल करिकुलम (बी-सीरीज) लागू किया था। अब सत्र 2026-27 से बीटेक पाठ्यक्रम में व्यापक संशोधन करते हुए नया पाठ्यक्रम लागू किया गया, जिसे ए-सीरीज का नाम दिया गया है। विवि के डीन यूजी प्रो. अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि विवि में फेल होने वाले छात्रों को दो विकल्प दिए जाते हैं। या तो वह रीएडमिशन लेकर नए छात्रों की तरह क्लास में पढ़ाई करें। या एक्स-स्टूडेंट के रूप में सिर्फ उस साल परीक्षा देने आए। जब उसमें पास हो तो अगले साल से फिर रेग्युलर क्लास करें। इसमें जो एक्स-स्टूडेंट के रूप में परीक्षा देंगे उन्हें पुराना सिलेबस पढ़ने की अनुमति दी गई है। वहीं दोबारा प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्रों को अब सिलेबस भी नया पढ़ना होगा।
आगे के सिलेबस में लागू नहीं : आदेश के तहत सिर्फ दूसरे, तीसरे या चौथे सेमेस्टर में फेल हुए छात्र पुराना सिलेबस ही पढ़ेंगे। क्योंकि नया सिलेबस अभी पहले सेमेस्टर में ही लागू किया गया है। ऐसे में अन्य सेमेस्टर के छात्र पुराने सिलेबस के तहत ही अपना कोर्स पूरा करेंगे। वहीं प्रथम सेमेस्टर में जो भी छात्र पुराना सिलेबस ऑप्ट करेंगे उन्हें सेकेंड सेमेस्टर से नया सिलेबस पढ़ना होगा। प्रथम वर्ष के छात्रों को एक्स स्टूडेंट के रूप में भी पुराने सिलेबस की छूट सिर्फ इसी साल के लिए दी जाएगी।