एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 से 150 के बीच बनेगा फ्लाईओवर

नवभारतटाइम्स.कॉम
new flyover to be built between sector 148 and 150 on noida expressway commuting to become easier
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 और सेक्टर-150 के बीच प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। नोएडा अथॉरिटी की ओर से इस परियोजना का उद्देश्य एक्सप्रेसवे के दोनों ओर स्थित सेक्टरों के बीच सीधी क्रॉस-एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 85 करोड़ रुपये बताई गई है। अथॉरिटी ने इस फ्लाईओवर को बनाने का फैसला ले लिया है।
प्राधिकरण के मुताबिक फ्लाईओवर बनने से सेक्टर-148, 149, 150, 151, 152 और 153 के बीच आवागमन आसान होगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों के बीच आने-जाने के लिए एक्सप्रेसवे के मौजूदा कट और इंटरचेंज का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। प्रस्तावित फ्लाईओवर इस समस्या को दूर करने में मदद करेगा। प्राधिकरण का मानना है कि भविष्य में इन सेक्टरों और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में यह परियोजना बेहतर कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में महत्वपूर्ण साबित होगी। फ्लाईओवर से ट्रैफिक जाम के प्वाइंट कम करने, वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने और यात्रा में लगने वाले समय को घटाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना से संबंधित सेक्टरों में रहने वाले करीब दो लाख लोगों को सीधे लाभ मिलने का अनुमान है। इसके अलावा आसपास के करीब 20 गांवों के लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। प्राधिकरण के अनुसार परियोजना को भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।