भाजपा का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान: अखिलेश

Contributed byAnand.Tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम
bjp means go to pakistan akhilesh yadavs counter to yogi
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘पी’ से पाकिस्तान वाले बयान पर पलटवार किया है। सपा प्रमुख ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में भाजपा के साथ बसपा प्रमुख मायावती को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे तो मैं कहूं कि बीजेपी का मतलब है, ‘भाग जा पाकिस्तान या भाग जाओ पाकिस्तान’। उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री तो पीडीए से घबराए हुए हैं, इसलिए पीडीए की परिभाषा बदलते हैं। जो भी पीड़ित है पीडीए उनके साथ है। पीडीए का मतलब प्रेम, दया, अपनापन है। बसपा प्रमुख मायावती के तीखे हमलों का जवाब देते हुए कहा कि सपा कभी गठबंधन नहीं तोड़ती, बल्कि पूरी ईमानदारी से साथ निभाती है।

लोग सपा को छोड़ जाते : गठबंधन को लेकर बसपा मुखिया मायावती के बयान पर अखिलेश ने कहा कि सपा किसी को नहीं छोड़ती, बल्कि लोग खुद सपा को छोड़ जाते हैं। हमारी लड़ाई तो भाजपा से है, इसलिए जो दल सपा को घेर रहे हैं, वे भाजपा से लड़ें।
चुनावों के लिए सपा की डबल तैयारी : अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सपा और सहयोगी दल सभी 403-403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। हम लोगों की डबल तैयारी है। गठबंधन को लेकर कहा कि सपा का जो गठबंधन है, वही रहेगा। सपा का गठबंधन मजबूत है। भाजपा घबराई है। इसलिए वे पीडीए-पीडीए कर रहे हैं। सपा दिव्यांगजनों के लिए अलग से घोषणा पत्र बनाएगी। सरकार में दिव्यांगजनों को पेंशन और अन्य लाभ दिए जाएंगे। मोटर से चलने वाली साइकल देंगे।

अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए महंगी की गई चीनी : अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बड़े लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए फैसले लेती है। सरकार को पता है कि त्योहार आने वाला है। चीनी की खपत बढ़ेगी, उसी समय अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चीनी महंगी कर दी।