आर्यन चौधरी के छक्कों से गोरखपुर जीता

नवभारतटाइम्स.कॉम
gorakhpur lions win spectacularly with aryan chaudharys stormy half century defeat kashi rudras
nNBT न्यूज, लखनऊ : लगातार चार मुकाबले जीतकर शानदार लय में चल रही काशी रुद्रास को शनिवार को गौर गोरखपुर लायंस ने आठ विकेट से हरा दिया। विशाल निषाद और वासु वत्स ने मिलकर आठ विकेट झटके। इसके बाद आर्यन चौधरी की नाबाद 68 रन की पारी और कप्तान आर्यन जुयाल के 43 रन की बदौलत गोरखपुर ने 139 रन का लक्ष्य 14.4 ओवर में हासिल कर लिया। गोरखपुर की यह दूसरी जीत है, जबकि काशी को लगातार चार जीत के बाद पहली हार मिली।

अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में गोरखपुर के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। काशी की शुरुआत धीमी रही। अभिषेक गोस्वामी 11 रन बनाकर वासु वत्स की गेंद पर तीरथ सिंह को कैच दे बैठे। साहब युवराज सिंह ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए।
विशाल निषाद ने करन शर्मा (17), साहब युवराज सिंह, शुभम चौबे (4) और विजय यादव (1) को आउट कर काशी के मध्यक्रम को झकझोर दिया। वासु वत्स ने उपेंद्र यादव (20), सिद्धार्थ जैन (6) और कार्तिक यादव (0) को पवेलियन भेजा, जबकि तीरथ सिंह ने अटल बिहारी राय (0) का विकेट लिया। अर्नव बलियान ने नाबाद 27 रन बनाकर काशी को 20 ओवर में नौ विकेट पर 138 रन तक पहुंचाया। विशाल ने 19 रन देकर और वासु ने 14 रन देकर चार-चार विकेट लिए। विशाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

जवाब में अभय प्रताप सिंह ने 11 गेंदों पर 24 रन बनाकर तेज शुरुआत दी। विजय यादव ने उन्हें आउट किया। इसके बाद आर्यन चौधरी और आर्यन जुयाल ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन जोड़कर मैच गोरखपुर की झोली में डाल दिया। चौधरी ने 44 गेंदों पर सात छक्कों के साथ नाबाद 68 और जुयाल ने 32 गेंदों पर 43 रन बनाए। सुनील कुमार ने जुयाल को आउट किया, लेकिन सिद्धार्थ यादव ने अगली गेंद पर एक रन लेकर जीत दिला दी। इससे पहले अल्पसंख्यक कल्याण एवं पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने घंटा बजाकर मैच की शुरुआत की।