'ट्रबल शूटर' बने पाठक, जंतर मंतर आंदोलन से मिली राहत

Contributed byRanvijay.Singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम
trouble shooter pathak takes charge jantar mantar movement gets relief students demands to be heard
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार को लेकर चल रहे युवाओं के आंदोलन के बीच यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ट्रबल शूटर बनकर सामने आए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शनिवार को लखनऊ में आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को अगले दो दिनों में केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। साथ ही, छात्रों की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात भी करवाई जाएगी।

डिप्टी सीएम ने कहा कि छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना गया है। उन्हें उचित निस्तारण का भरोसा दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल की ओर से मिला पत्र भी केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के साथ है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। आंदोलन की अगुआई कर रहे हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक और शिवा शर्मा समेत अन्य छात्रों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग है कि देश के हर युवा को समान अवसर मिले। छात्रों ने कहा कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों की क्षमता और मेरिट में काफी अंतर है। उनका उद्देश्य ऐसी व्यवस्था बनाना है, जिसमें सभी छात्रों के बौद्धिक विकास के समान अवसर मिलें और प्रोफेशनल कोर्स में दाखिले के दौरान किसी के साथ अन्याय न हो। आंदोलन से जुड़े हर्ष दुबे ने कहा कि उन्हें दो दिन में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करवाने का आश्वासन मिला है।