Bodies Of Two Youths Found In Sharda Canal In Kanosi Search Operation Continued For The Third Day
नहर में बहे दो युवकों के शवतीसरे दिन कनौसी में मिले
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, आलमबाग : मानक नगर थाना क्षेत्र में कनौसी फ्लाईओवर के नीचे शारदा नहर में दो लोगों के गिरने की सूचना के बाद चलाया गया सर्च ऑपरेशन तीसरे दिन पूरा हुआ। बुधवार सुबह नहर के रेगुलेटर के पास दो शव मिले। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।
सोमवार रात 10:30 बजे रविकांत मौर्य नामक युवक ने पुलिस को शारदा नहर में दो युवकों के गिरने की सूचना दी थी। सूचना पर मानकनगर और कृष्णानगर पुलिस ने एसडीआरएफ को बुलाकर तलाशी अभियान शुरू किया। रात 12:30 बजे तक अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह भी पांच घंटे तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, मगर दोनों का पता नहीं चला। बुधवार सुबह 7:30 बजे स्थानीय लोगों ने रेगुलेटर के पास दो शव फंसे होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह के मुताबिक, एक की उम्र करीब 40 वर्ष और दूसरे की 20 वर्ष लग रही है। दोनों के शरीर में ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं है। एक शख्स की जेब से कीपैड फोन और चाबी का गुच्छा मिला है, जबकि दूसरे युवक के हाथ पर महाकाल का बड़ा टैटू बना हुआ है। युवकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।