Election Commission Focuses On Gen z Preparations Begin For Elections In 5 States Evm Checking Underway
Gen-Z तक पहुंच रहा चुनाव आयोग, पांच राज्यों में चुनाव की तैयारी भी शुरू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
Maneesh.Aggarwal @timesofindia.com
n नई दिल्ली : 2027 की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ईवीएम मशीनों की चेकिंग शुरू कर दी गई है। इन चुनावों में चुनाव आयोग का खासा फोकस Gen-Z वोटरों पर रहेगा जिसके लिए आयोग देशभर में लगातार Gen-Z को चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर रहा है ताकि नौजवान चुनावी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकें।17-18 अगस्त को बिहार में जाने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 24-25 अगस्त को लखनऊ पहुंचे थे जहां छात्रों को चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया। Gen-Z वोटरों को जागरूक करने वाले आयोग के अभियान को देशभर में चलाया जा रहा है। आने वाले समय में चेन्नै और गोवा में यूथ वोटरों को जागरूक किया जाएगा। यह जन जागरण पूरे देश में चलाया जाएगा।
पांचों राज्यों में अगले साल 2027 में फरवरी-मार्च तक विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी महीने गोवा और उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्ट्रॉन्ग रूम में रखी ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग की गई। जांच में सभी ईवीएम सही पाई गई हैं। कुछ समय बाद चुनाव आयोग के पांचों राज्यों में दौरे शुरू हो जाएंगे जिसमें हर राज्य के सीईओ, चीफ सेक्रेटरी और पुलिस चीफ समेत अन्य अधिकारियों के अलावा राजनीतिक दलों से भी मुलाकात का दौर शुरू होगा।