ऑनलाइन कोर्स पढ़ना अनिवार्य

नवभारतटाइम्स.कॉम
ऑनलाइन कोर्स पढ़ना अनिवार्य
Zeeshan.Rayini@timesofindia.com

nलखनऊ : BBAU के छात्रों को अब ऑफलाइन क्लास के साथ ऑनलाइन पढ़ाई भी साथ में करनी होगी। छात्रों को अपने कोर्स का 10% हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से पढ़ना होगा। ‘स्वयं’ पोर्टल पर मौजूद ऑनलाइन कोर्सों को छात्र अपने पाठ्यक्रम के अनुरूप चुन सकेंगे। खास बात यह है कि जिस पेपर को छात्र ऑनलाइन पढ़ेंगे, उसकी ऑफलाइन क्लास करने की जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था लागू करने वाला BBAU शहर का पहला विश्वविद्यालय है।
BBAU में स्वयं की को-ऑर्डिनेटर प्रो. यूवी किरण ने बताया कि हर सेमेस्टर में 20 क्रेडिट छात्रों को अर्न करने होते हैं। यानी दो साल के कोर्स में 80 क्रेडिट चाहिए। हमने व्यवस्था की है कि छात्र 10% क्रेडिट पूरे कोर्स के दौरान ऑनलाइन पढ़ सकता है। कोर्स के किसी भी सेमेस्टर में ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते है। बस उसका क्रेडिट कुल क्रेडिट का 10% होना चाहिए। इसके लिए विवि के सिलेबस की स्वयं कोर्सों के साथ मैपिंग की जा रही है। विभागवार स्वयं के को-ऑर्डिनेटर होंगे, जिनकी मदद से छात्र इन कोर्सों का चुनाव कर सकेंगे। विवि के पास इसका डेटा होगा कि कौन सा छात्र कौन सा पेपर ऑनलाइन पढ़ेगा।