Relief For Pataudi From Long distance Vehicles New Highway Will Provide Freedom From Traffic Jams
नया हाइवे बनने के बाद पटौदी के बीच से नहीं गुजरेंगे लंबी दूरी वाले वाहन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, पटौदी
गुड़गांव से पटौदी और रेवाड़ी के बीच बन रहा एनएच-352W पटौदी शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बड़ा बदलाव लेकर आने वाला है। करीब 43.2 किलोमीटर लंबे इस हाइवे का 85 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने के बाद गुड़गांव से रेवाड़ी की ओर जाने वाले लंबी दूरी के वाहनों को पटौदी शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। इससे शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।अभी गुड़गांव और रेवाड़ी की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही के कारण पटौदी में कई स्थानों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। खासकर पीक आवर में बाजार और मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है। नया हाइवे शुरू होने के बाद लंबी दूरी का यातायात शहर से बाहर शिफ्ट हो सकेगा। इस परियोजना का असर केवल पटौदी तक सीमित नहीं रहेगा। गुड़गांव-पटौदी-रेवाड़ी के बीच सीधी वैकल्पिक कनेक्टिविटी मिलने से दिल्ली-जयपुर हाइवे पर भी वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग मिलने से यात्रा समय और ईंधन की बचत की उम्मीद जताई जा रही है। इसका निर्माण कार्य 21 नवंबर 2021 को शुरू हुआ था और इसे नवंबर 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य था। अब करीब 85 फीसदी निर्माण पूरा होने से प्रॉजेक्ट अंतिम चरण में है। NHAI के परियोजना अधिकारी योगेश तिलक ने कहा कि बाकी काम तेजी से पूरा किया जा रहा है।