जून के मुकाबले जुलाई में घटी औद्योगिक उत्पादन की रफ्तार

नवभारत टाइम्स
जून के मुकाबले जुलाई में घटी औद्योगिक उत्पादन की रफ्तार
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : औद्योगिक उत्पादन जुलाई में सालभर पहले के इसी महीने में 5.4% के मुकाबले 6.7% बढ़ा। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हालांकि जून में ग्रोथ 8.8% थी। जुलाई में रफ्तार मुख्य रूप से खनन गतिविधियों में ग्रोथ के नेगेटिव जोन में चले जाने से घटी।

नई सीरीज के तहत IIP का चौथे महीने का आंकड़ा जारी करते हुए मंत्रालय ने कहा, 'जुलाई में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 7.3% के साथ इलेक्ट्रिसिटी और गैस सप्लाई सेक्टर में 8.7% की ग्रोथ से इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन को सपोर्ट मिला।' हालांकि माइनिंग प्रोडक्शन में ग्रोथ सालभर पहले के 10.7% से घटकर माइनस 0.9% पर आ गई। वॉटर सप्लाई, सीवरेज एंड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ी ग्रोथ 7.5% के मुकाबले 7.4% पर रही।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 23 इंडस्ट्री ग्रुप्स में से 19 ने पिछले साल के मुकाबले पॉजिटिव ग्रोथ दर्ज की। मोटर व्हीकल्स, ट्रेलर्स और सेमी-ट्रेलर्स के प्रोडक्शन में 22.2%, इलेक्ट्रिक उपकरणों के प्रोडक्शन में 28.3% और मशीनरी प्रोडक्शन में 12.1% की बढ़त रही।