Sugar Prices Drop 20 Quota System Changed For Mills Curbing Hoarding
मिल से बाजार में आने का सिस्टम बदला, 20% घटे चीनी के दाम
नवभारत टाइम्स•
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
बाजार में समय से और ज्यादा चीनी पहुंचाने के लिए सरकार ने मिलों के लिए चीनी बिक्री के कोटा नियमों में बदलाव का फैसला किया। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि चीनी मिलों के लिए मंथली कोटा के बजाय सितंबर से 15 दिनों का कोटा सिस्टम रहेगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि सरकार ने पिछले दिनों जो कदम उठाए हैं, उनके चलते चीनी के एक्स-मिल प्राइस करीब 20% घट गए हैं। मिलों का हाल: मंत्रालय ने कहा कि चीनी मिलों की जांच करने पर पाया गया कि कुछ मिलें मंथली रिटर्न में दर्ज मात्रा से ज्यादा चीनी का भंडार रख रही थीं, वहीं कुछ मिलों ने अपने मासिक आवंटन से कम चीनी बेची। यह भी पाया गया कि कुछ मिलों ने कागज में तो महीने की शुरुआत में कोटा के मुताबिक चीनी बिकी हुई दर्ज कर ली, लेकिन वहां से वह माल काफी देर से और कभी-कभी उस महीने के अंत में निकल रहा था। इसके चलते बाजार में कृत्रिम रूप से चीनी की कमी का माहौल बन रहा था।
चीनी का भाव: चीनी का एक्स-मिल प्राइस 56-57 रुपये किलो तक पहुंच गया था। इसके चलते खुदरा भाव चढ़ा। मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार को अखिल भारतीय स्तर पर चीनी का रिटेल प्राइस 64.10 रुपये/किलो था।
मंत्रालय ने कहा कि एक्स-मिल प्राइस में गिरावट के साथ रिटेल प्राइस भी जल्द कम होने की उम्मीद है। मंत्रालय ने कहा कि दोनों भाव में गिरावट से साबित होता है कि दाम जमाखोरी और सट्टेबाजी के चलते बढ़े थे।