मिट्टी में कितना जीवन

नवभारतटाइम्स.कॉम
unique way to measure soil life underwear reveals the secret
दिलीप लाल

मिट्टी कितनी ‘जिंदा’ है? वैज्ञानिकों ने जानने के लिए एक ऐसा प्रयोग किया, जिसे सुनकर पहली बार में शायद आपको हंसी आए। स्विट्जरलैंड में 1,000 से अधिक लोगों ने अपनी-अपनी जगह पर सूती अंडरवियर जमीन में गाड़ दिए। मकसद था यह पता लगाना कि मिट्टी के भीतर जीव कितना सक्रिय है। यह अनोखा प्रयोग ज्यूरिख यूनिवर्सिटी और स्विस कृषि अनुसंधान केंद्र एग्रोस्कोप के वैज्ञानिकों ने किया। दो हजार से अधिक अंडरवियर के अलावा 12,000 टी-बैग भी मिट्टी में दबाए गए थे। दो महीने बाद उन्हें बाहर निकाला गया, उनकी तस्वीरें खींचीं और मिट्टी के नमूनों के साथ वैज्ञानिकों को भेजा। अंडरवियर जितनी तेजी से सड़ा, वैज्ञानिकों ने मिट्टी को उतना ही अधिक जैविक रूप से सक्रिय माना। नतीजे खासे दिलचस्प रहे। निजी बगीचों की मिट्टी में अंडरवियर सबसे तेजी से विघटित हुआ। वहां जैविक पदार्थ भी अधिक पाया गया, जिससे केंचुओं, फफूंद, बैक्टीरिया और दूसरे सूक्ष्मजीवों को पनपने के लिए बेहतर माहौल मिलता है। इसके उलट लॉन की मिट्टी में जैविक गतिविधि सबसे कम पाई गई। खेत और घास के मैदान इन दोनों के बीच रहे। मिट्टी को हम अक्सर निर्जीव समझते हैं, लेकिन उसके भीतर असंख्य जीव लगातार काम करते रहते हैं। यही जीव पोषक तत्वों के चक्र, मिट्टी की उर्वरता और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए बेहद जरूरी हैं।