Martial Arts Player Returning From Vrindavan Dies In Road Accident
वृंदावन से लौट रहे मार्शल आर्ट खिलाड़ी की हादसे में गई जान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
वृंदावन से दर्शन कर बाइक पर लौट रहे एक मार्शल आर्ट खिलाड़ी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मथुरा जिले के कोसीकलां क्षेत्र के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए फरीदाबाद के अजरौंदा चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के गांव पारनपुर निवासी 22 साल के राजेश के रूप में हुई है। वह हरियाणा के बहादुरगढ़ में रहकर एक निजी कंपनी में डिलिवरी बॉय के रूप में कार्य करता था। परिजनों के अनुसार, युवक खेलों में भी सक्रिय था और मार्शल आर्ट का खिलाड़ी था। मृतक के भाई मुकेश कुमार ने बताया कि उसके भाई राजेश ने करीब एक माह पहले ही नई बाइक खरीदी थी। 25 अगस्त को वह उसी बाइक से वृंदावन दर्शन करने गया था। 27 अगस्त की सुबह करीब सात बजे वह दर्शन के बाद वह वापस लौट रहा था, तभी कोसीकलां के निकट उसकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि युवक को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले प्राथमिक उपचार दिलाया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए फरीदाबाद लाया गया और अजरौंदा चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सेंट्रल थाने के जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।