Reliance Group Rejects Subhash Chandras Baseless Allegations Denies Charges Against Media Companies
रिलायंस ग्रुप ने सुभाष चंद्रा के आरोपों को बताया बेबुनियाद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
पीटीआई, नई दिल्ली: मुकेश अंबानी की अगुवाई वाले रिलायंस ग्रुप ने शुक्रवार को मीडिया दिग्गज सुभाष चंद्रा द्वारा उसकी मीडिया कंपनियों पर लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है। रिलायंस ने इन आरोपों को 'बेबुनियाद' बताया है। रिलायंस के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम रिलायंस ग्रुप का हिस्सा रहीं मीडिया कंपनियों के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों और इशारों को खारिज करते हैं।’
रिलायंस ग्रुप ने साफ किया कि उसके मीडिया ब्रैंड्स का इस्तेमाल कभी किसी पर हमला करने के लिए नहीं किया गया है और न ही भविष्य में कभी ऐसा किया जाएगा। प्रवक्ता ने कहा, हम एक बिजनेसमैन और उद्यमी के तौर पर सुभाष चंद्रा का बहुत सम्मान करते हैं और उनके बेहतर भविष्य की कामना करते हैं।रिलायंस का यह खंडन ऐसे समय में आया है जब नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल ( NCLT ) की बेंच के एक तीसरे सदस्य ने सुभाष चंद्रा के व्यक्तिगत दिवालियापन मामले में अपनी राय दी है। मंगलवार को NCLT के सदस्य (न्यायिक) निलेश शर्मा ने एक तीसरे सदस्य के तौर पर फैसला सुनाते हुए उस सेटलमेंट प्लान को मंजूरी दे दी, जिसके तहत सुभाष चंद्रा कर्जदाताओं के दावों को निपटाने के लिए सिर्फ 6.5 करोड़ रुपये देंगे।
कर्जदाताओं का तर्क था कि करीब 22,006.57 करोड़ रुपये के कुल दावों के मुकाबले सिर्फ 6.25 करोड़ रुपये देने और 25 लाख रुपये कार्यवाही के खर्च के तौर पर चुकाने का प्रस्ताव सही नहीं है।