होटल बुकिंग के नाम पर 84 हज़ार रुपये की ठगी, 7 आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
84 thousand cheated in the name of hotel booking 7 accused arrested used fake websites to trap victims
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

अंडमान में होटल बुकिंग कराने का झांसा देकर एक महिला से 84 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार कॉलर भी शामिल हैं, जो फर्जी वेबसाइट के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-78 निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि उसने अंडमान में होटल बुकिंग के लिए इंटरनेट पर सर्च किया था। इस दौरान उसे पैसिफिक हॉलीडे इंडिया नाम की एक वेबसाइट मिली। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर कथित ट्रैवल एजेंटों ने होटल बुकिंग का भरोसा दिलाया और अलग-अलग बहानों से महिला से 84 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

बाद में महिला को पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई है। साइबर थाना सेंट्रल ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। सबसे पहले राहुल नामक आरोपी को पकड़ा गया, जो गिरोह के लिए फर्जी वेबसाइट तैयार करने और तकनीकी सहायता देने का काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य संचालक विक्रम है, जिसने गाजियाबाद में किराये का कमरा लेकर अपने साथियों विशाल, अंकुर और पुनित सक्सेना के साथ कॉलिंग सेंटर जैसा नेटवर्क बना रखा था। ये लोग होटल और टूर पैकेज बुकिंग के नाम पर लोगों को ठगते थे। ठगी की रकम जय बिष्ट के खाते में आई थी, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को गाजियाबाद, हरिद्वार और हापुड़ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।