खेलो इंडिया में 8 गुना बढ़ा बजट, 30 हजार खिलाड़ियों पर फोकस

नवभारतटाइम्स.कॉम
khelo india 2026 31 budget increased 8 times focus on 30000 athletes sports facilities to be upgraded
nNBT न्यूज, लखनऊ : खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और प्रशिक्षण देने के लिए केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया योजना 2026-31 का खाका तैयार किया है। योजना के तहत पिछली अवधि के मुकाबले बजट में आठ गुना बढ़ोतरी कर 36,441 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, सहायता पाने वाले खिलाड़ियों की संख्या 10 गुना बढ़ाकर 30 हजार करने का लक्ष्य है।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर साई एनएसआरसी लखनऊ में शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) आत्म प्रकाश ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 खेल विधाओं में 10 हजार खेलो इंडिया एथलीट और 20 हजार इमर्जिंग खेलो इंडिया एथलीट तैयार किए जाएंगे। प्रतिभाओं की पहचान के लिए वैज्ञानिक और तकनीक आधारित राष्ट्रीय प्रणाली विकसित होगी। इसके तहत 10 खेलो इंडिया उत्कृष्ट विद्यालय, 500 फीडर स्कूल और 2,500 खेलो इंडिया सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर

योजना में खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर है। 30 ओलिंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की मौजूदा सुविधाओं का आकलन कर जरूरत के मुताबिक उनका अपग्रेडेशन किया जाएगा। राज्यों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 60:40 के केंद्र-राज्य लागत साझेदारी मॉडल का प्रावधान है। खिलाड़ियों को कोचिंग, डाइट, आवास, किट, यात्रा, प्रतियोगिता अनुभव, चिकित्सा और शिक्षा जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी, ओलिंपियन और अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वाले ललित उपाध्याय, निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।