Noida Airport Suffers Loss In Initial Flights Zurich Airport Explains Reason
नोएडा एयरपोर्ट की अब तक की उड़ानों से हुआ घाटा : ज्यूरिख
Contributed by: Sunil.Pandey2|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n पीटीआई, दिल्ली
नोएडा एयरपोर्ट पर उड़ानों और यात्रियों की संख्या बढ़ने की रफ्तार फिलहाल धीमी रह सकती है। अब तक की उड़ानों से घाटा हुआ है। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनैशनल (एजी) ने यह जानकारी दी है। ज्यूरिख ने कहा है कि मौजूदा चुनौतीपूर्ण भू-राजनीतिक माहौल का असर एयरपोर्ट के शुरुआती विस्तार पर पड़ सकता है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर स्थित नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून से उड़ान शुरू हुई थीं। जुलाई में एयरपोर्ट से 1,044 उड़ानों का संचालन हुआ और करीब 77 हजार यात्रियों ने सफर किया। जून में 204 उड़ानों के जरिए करीब 25 हजार यात्री एयरपोर्ट पहुंचे या यहां से रवाना हुए। ज्यूरिख एयरपोर्ट ने 2026 की पहली छमाही की निवेश प्रस्तुति में कहा कि एयरपोर्ट का रूट नेटवर्क लगातार बढ़ाया जाएगा। आने वाले समय में यहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू होने की उम्मीद है। प्रस्तुति के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में नोएडा एयरपोर्ट का राजस्व 2.5 मिलियन स्विस फ्रैंक रहा, जबकि परिचालन खर्च 4.9 मिलियन स्विस फ्रैंक रहा। इस दौरान ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से 2.4 मिलियन स्विस फ्रैंक का नुकसान हुआ। एयरपोर्ट की शुरुआती क्षमता 1.2 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष है। पहले चरण में करीब 750 मिलियन स्विस फ्रैंक निवेश का अनुमान है।