लुटेरा हमला करता रहा, सिपाही ने नहीं छोड़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम
लुटेरा हमला करता रहा, सिपाही ने नहीं छोड़ा
nNBT न्यूज, लखनऊ : रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जा रही एक महिला से मंगलसूत्र लूटकर भाग रहे बदमाश को यातायात पुलिस के सिपाही ने अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़ाकर पकड़ लिया। बदमाश ने ईंट से चेहरे पर हमला कर सिपाही को लहूलुहान कर दिया, लेकिन घायल होने के बाद भी उसने लुटेरे की पकड़ नहीं छोड़ी। बहादुरी से प्रभावित महिला ने उसी सिपाही को अपना भाई मानकर राखी बांधी। पुलिस आयुक्त ने सिपाही को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। कमेंडेशन डिस्क के लिए भी उनका नाम प्रस्तावित किया गया है।

महिला को थप्पड़ मारकर छीना गहना
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि सीतापुर के मछरेहटा स्थित रसूलपुर निवासी रूबी कश्यप बच्चों आदित्य और अखिलेश के साथ रक्षाबंधन पर गांव जा रही थीं। वह दोपहर करीब एक बजे बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मारा और गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भाग निकला। रूबी के शोर मचाने पर पास में यातायात ड्यूटी कर रहे सिपाही नवीन चौधरी ने लुटेरे का पीछा शुरू कर दिया।

कुछ दूर दौड़ाने के बाद पकड़ में आया बदमाश

कुछ दूर दौड़ने के बाद नवीन ने आरोपित को पकड़ लिया। खुद को छुड़ाने के लिए लुटेरे ने ईंट से उनके चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में नवीन लहूलुहान हो गए, लेकिन उन्होंने आरोपित को जाने नहीं दिया। वह पुलिसकर्मियों के पहुंचने तक लुटेरे को काबू में रखे रहे। बाद में पुलिस ने उसकी तलाशी लेकर महिला के मंगलसूत्र की टूटी माला बरामद कर ली। नवीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाक पर दो टांके लगे।

बहादुरी पर 10 हजार रुपये का इनाम

पुलिस आयुक्त ने नवीन चौधरी की कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना करते हुए उन्हें 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा की है। उनके नाम को कमेंडेशन डिस्क के लिए भी प्रस्तावित किया गया है। साथी पुलिस वालों ने भी उनका हौसला बढ़ाया।