साइको किलर था आरोपी, बच्चे व महिला का कर चुका था मर्डर

नवभारतटाइम्स.कॉम
psycho killer balraj killed in encounter accused of murdering child and woman
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

हल्दौनी में छह साल की मासूम की हत्या का आरोपी बलराज शनिवार को एनकाउंटर में मारा गया। अब उसकी हैवानियत की पुरानी घटनाएं भी सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, बलराज पहले भी मासूम बच्चों और एक बुजुर्ग महिला की हत्या के गंभीर मामलों में आरोपी रहा है। 2017 में सूरजपुर पुलिस ने उसे नौ साल के बच्चे और 70 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उस समय आरोपी को साइको किलर बताया था। पुराने मामले में पुलिस ने दावा किया था कि उसने वारदात से पहले यौन अपराध किए और बाद में दोनों की हत्या कर दी थी।
2006 में हत्या, फिर 10 साल की सज़ा

बलराज ने 2006 में लोनी में ब्रह्म सिंह की हत्या की थी। इस मामले में उसे गाजियाबाद कोर्ट से 10 साल की सजा भी हुई थी। बाद में हाई कोर्ट में अपील के बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद वर्ष 2017 में उसका नाम सूरजपुर क्षेत्र में हुई दो सनसनीखेज वारदात में सामने आया।