'पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार के साथ नौकरी भी'

नवभारतटाइम्स.कॉम
medal winners will get government jobs sports minister girish chandra yadav
nNBT न्यूज, लखनऊ : राष्ट्रीय खेल दिवस पर गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ उपलब्धि के आधार पर सीधे सरकारी नौकरी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ओलिंपिक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाई खेल और विश्व कप जैसे आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार लगातार प्रोत्साहित कर रही है। मंत्री ने खिलाड़ियों से अनुशासन और पूरी मेहनत से खेल में आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इस अवसर पर सचिव खेल सुहास एलवाई, विशेष सचिव कुमार विनीत, विभागीय अधिकारी, प्रशिक्षक और छात्र मौजूद रहे।

ध्यानचंद इलेवेन जीता
राष्ट्रीय खेल दिवस पर कॉलेज के छात्रों की ध्यानचंद इलेवेन और मो. शाहिद इलेवेन टीमों के बीच मैत्री हॉकी मैच हुआ। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और हिट लगाकर मैच शुरू कराया। रोमांचक मुकाबले में ध्यानचंद इलेवेन ने मो. शाहिद इलेवेन को 3-1 से हराया। छात्रों ने सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम भी पेश किए। तिरंगा पिरामिड भी आकर्षण का केंद्र रहा।

खेल सुविधाएं भी बढ़ेंगी

कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने बताया कि फुटबॉल और क्रिकेट मैदान में स्प्रिंकलर व फ्लड लाइट, वॉलीबॉल के लिए इंडोर स्टेडियम और एथलेटिक ग्राउंड में स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने समेत कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास की बेहतर सुविधा मिलेगी।

इन खिलाड़ियों को मिला सम्मान

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आदित्य सिंह, अजीत यादव, अप्रतिम भदौरिया, कार्तिक सहरावत, शिवम सिंह, आर्यन भारद्वाज और रजत सिंह को सम्मान मिला। प्रशिक्षकों शैलेंद्र प्रताप सिंह, बिमल प्रताप राय, अरविंद नारायण ओझा, संकल्प कुमार सिंह, अमित कुमार मंडल, धर्मेंद्र प्रताप सोनकर और बिमल द्विवेदी को भी सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर मो. समीर खान, सत्यम कैलाश पाल, अनीश यादव, दिव्यांश कुमार राव, मो. दानिश, अमरजीत तिवारी, विवेक तिवारी, कृष्णा विनवंशी, प्रदीप विनवंशी, रैयान खान, हर्ष वर्धन पुंडीर, राज सिंह, राज सिंह तोमर, आयुष कश्यप, विराज चौहान और वैभव बालियान को सम्मानित किया गया।