15 दिनों में दूसरी बार गिरा सोसायटी का प्लास्टर, निवासियों में बैठा डर

नवभारतटाइम्स.कॉम
panic in discovery park society due to plaster falling residents raise questions on safety
nNBT न्यूज, फरीदाबाद

ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर 80 स्थित डिस्कवरी पार्क सोसायटी में प्लास्टर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दो सप्ताह पहले 14वीं मंजिल की बालकनी से प्लास्टर गिरने के बाद अब 12वीं मंजिल की बालकनी से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि प्लास्टर बालकनी के अंदर की ओर गिरा, जिससे नीचे मौजूद लोगों की जान बच गई। सोसायटी में करीब 400 परिवार रहते हैं। निवासियों का कहना है कि करीब दो सप्ताह पहले भी 14वीं मंजिल से प्लास्टर का हिस्सा गिरा था। पिछले डेढ़ साल से अलग-अलग स्थानों पर छज्जों और बालकनियों का प्लास्टर झड़ने की समस्या बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि निर्माण गुणवत्ता को लेकर बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
निवासी अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार को अचानक प्लास्टर टूटने की आवाज आई। उन्होंने कहा कि यदि यह हिस्सा बालकनी के बाहर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। निवासियों ने बीपीटीपी बिल्डर से निर्माण गुणवत्ता की तत्काल जांच कराने, दरारों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मेंटिनेंस चार्ज देने के बावजूद उन्हें लगातार सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।