प्रसूता की मौत, हॉस्पिटल के बाहर 3 घंटे हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम
प्रसूता की मौत, हॉस्पिटल के बाहर 3 घंटे हंगामा
nNBT न्यूज, नगराम

नगराम के समेसी बाजार स्थित केयर हॉस्पिटल में जुड़वां बच्चों को जन्म देने के महज 24 घंटे बाद 24 वर्षीय प्रसूता की मौत हो गई। डायलिसिस के लिए लखनऊ ले जाते समय प्रसूता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद नाराज परिवारीजनों ने शव हॉस्पिटल के बाहर रखकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची नगराम पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया।जानकारी के अनुसार समेसी मजरा कंचनखेड़ा निवासी अरविंद धीमान ने मंगलवार को अपनी पत्नी दीपा (24) को प्रसव के लिए केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। बुधवार को ऑपरेशन के जरिए दीपा ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। दोनों बच्चे स्वस्थ हैं।
किडनी फेल होने की आशंका : परिवारीजनों के मुताबिक गुरुवार सुबह प्रसूता को यूरिन की समस्या होने लगी। हालत बिगड़ने पर उसे मोहनलालगंज स्थित संजीवन हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने किडनी फेल होने की आशंका जताते हुए तत्काल डायलिसिस के लिए शहीद पथ स्थित एक निजी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे लेकर लखनऊ रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही दीपा ने दम तोड़ दिया। रक्षाबंधन के दिन घर में दो नन्हे मेहमानों के आने की खुशी मातम में बदल गई। जन्म के अगले ही दिन जुड़वां बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप : मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी ने शव को केयर हॉस्पिटल के बाहर रखकर डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक हंगामा चला। सूचना पर पहुंची नगराम पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। नगराम थाने के कार्यवाहक प्रभारी उमाशंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के देवर अंकुल की तहरीर पर इत्तफाकिया दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।