Rpf Personnel Attacked With Stones By Youths Drinking Alcohol One Constable Seriously Injured
शराब पीने से टोकने पर आरपीएफ दरोगा व सिपाहियों पर पथराव
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : शराब पीने से टोकने पर सिटी स्टेशन के पास गुरुवार देर रात आरपीएफ के दरोगा और सिपाहियों पर आरोपितों व उनके साथियों ने पथराव कर दिया। घटना में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य कर्मियों को मामूली चोटें आईं। पीड़ित दरोगा ने शुक्रवार देर शाम वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिटी स्टेशन आरपीएफ थाने में तैनात दरोगा नित्यानंद राय ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात करीब 10:40 बजे वह सिपाही अभय शंकर यादव, धीरेंद्र कुमार, गंगासागर और नीरज कुमार सिंह के साथ गश्त पर निकले थे। सिटी स्टेशन के पास डालीगंज की जनता नगर कॉलोनी स्थित एक खंडहर में तीन युवक शराब पी रहे थे। उन्हें टोकने पर आरोपित अभद्रता करने लगे।आवाज सुनकर उनके करीब 10 साथी मौके पर पहुंच गए और रेलवे पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगे। आरोपितों ने पथराव कर दिया। घटना में सिर में ईंट लगने से सिपाही धीरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।
हमलावर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। घायल सिपाही का अस्पताल में इलाज कराया गया। पीड़ित दरोगा की तहरीर पर वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।