IMT चौक से युवती का अपहरण कर लूटने वाला अरेस्ट, बोतल मारी थी

नवभारतटाइम्स.कॉम
shrewd criminal arrested for kidnapping and robbing a young woman from imt chowk snatched locket after hitting with a bottle
nNBT रिपोर्ट, बल्लभगढ़

फरीदाबाद के आईएमटी चौक से एक युवती का ईको गाड़ी में अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने और सोने का लॉकेट लूटने वाले शातिर बदमाश को क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान योगेश नरवत उर्फ पंडित जी निवासी गांव खेड़ी कलां (थाना बीपीटीपी) के रूप में हुई है।
वारदात 10 अगस्त की शाम को चंदावली के पास आईएमटी चौक पर हुई थी। आरोपी योगेश ने युवती को ईको गाड़ी में जबरन अगवा किया और उसके साथ मारपीट की। युवती को चोट पहुंचाने के लिए आरोपी ने बीयर की बोतल का इस्तेमाल किया और उसके गले से सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 प्रभारी जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ईको गाड़ी, लूटा गया सोने का लॉकेट और हमला करने में इस्तेमाल की गई बीयर की बोतल बरामद कर ली है। जांच में पता चला कि योगेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में तिगांव थाने में लूट और 2020 में खेड़ीपुल थाने में चोरी का मामला भी दर्ज है।