‘खाली प्लॉटों में डंप हो रहा सड़क का कूड़ा’

Contributed by: Abhishek.Pandey1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
lucknow road garbage being dumped in empty plots nagar nigams claims exposed
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : नगर निगम के डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन और निस्तारण के दावों की हकीकत चिनहट सेकंड वॉर्ड में खुलकर सामने आ गई है। वॉर्ड-66 के पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर सफाई का जिम्मा संभाल रही एजेंसी लखनऊ स्वच्छता अभियान (LSA) की कार्यशैली पर बड़े सवाल उठाए हैं।

 पार्षद के मुताबिक वॉर्ड में अव्यवस्थित डंपिंग से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। कूड़ा सड़ने से पूरे वॉर्ड में बदबू फैली है। पार्षद के मुताबिक LSA के प्रमुख अभय रंजन से इस संबंध में बात करने पर जवाब दिया गया कि केवल घरों से इकट्ठा किया गया कूड़ा ही शिवरी प्लांट भेजा जाता है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से उठने वाला कूड़ा शिवरी न भेजकर किसी निचले इलाके (लो-लैंड एरिया) में डंप कर दिया जाता है। हैरानी की बात यह है कि अभी तक ऐसी कोई जगह भी निश्चित नहीं की गई है, जहां पर कूड़ा डंप किया जाए। ऐसे में कूड़ा खाली प्लॉटों में डंप किया जा रहा है।
 पार्षद ने पत्र में लिखा है कि बरसात के मौसम में कूड़े के उचित निस्तारण न होने के कारण पूरे वॉर्ड में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा है। उन्होंने नगर आयुक्त से मामले में त्वरित संज्ञान लेने और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।