रिलायंस मार्ट, मेट्रो और जेप्टो स्टोर्स का लाइसेंस सस्पेंड

Contributed by: gyaneshwar.prasad|नवभारतटाइम्स.कॉम•
reliance mart metro zepto licenses suspended serious flaws found in food safety
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेश में ई-कॉमर्स खाद्य आपूर्ति केंद्रों, वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स पर चलाए गए निरीक्षण अभियान में कई गंभीर खामियां पकड़ी हैं। विभाग ने कानपुर के रिलायंस मार्ट, मेट्रो और जेप्टो स्टोर्स तथा गाजियाबाद के जेप्टो वेयरहाउस का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की है।

गाजियाबाद में आरडीएल के पास स्थित जेप्टो वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान गंदगी, दीवारों पर जाले, क्षतिग्रस्त फर्श और खाद्य परिसर में कॉकरोच पाए गए। इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए निलंबन की कार्रवाई शुरू की गई है। कानपुर नगर में रिलायंस मार्ट, मेट्रो और जेप्टो स्टोर्स के लाइसेंस में कंट्रोल्ड एटमॉस्फियर और कोल्ड स्टोरेज सुविधा दर्ज होने के बावजूद जरूरी चैंबर स्थापित नहीं मिले। लाइसेंस में नामित नॉमिनी का नाम भी दर्ज था, जबकि वे करीब दो वर्ष पहले इस्तीफा दे चुके थे। कुछ कन्फेक्शनरी उत्पादों में बेस्ट बिफोर अवधि से जुड़ी 30% सीमा का उल्लंघन मिला। कमियां दूर होने तक खाद्य कारोबार बंद कराने की कार्रवाई की गई है। आगरा में रिलायंस स्टोर से राय लाइज ब्रांड के खराब गुणवत्ता वाले मखाने के 273 पैकेट सीज किए गए। अन्य जिलों में 79 ई-कॉमर्स प्लैटफॉर्म को सुधार नोटिस जारी हुए। इनमें ब्लिंकिट और अमेजन से जुड़े केंद्र भी जांचे गए।