CLAT स्कोर पर होंगे दाखिले

नवभारतटाइम्स.कॉम•
admissions to law courses in lucknow university will now be based on clat score applicable from session 2026 27
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) में अब पांच वर्षीय विधि पाठ्यक्रमों में दाखिला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLU) की तर्ज पर होगा। सत्र 2026-27 से एलएलबी इंटीग्रेटेड और बीबीए-एलएलबी में प्रवेश सिर्फ क्लैट-2027 (CLAT) के स्कोर पर मिलेगा। इसके लिए एलयू ने 'कंसोर्शियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज' के साथ आधिकारिक अनुबंध किया है। अगले सत्र से विश्वविद्यालय विधि पाठ्यक्रमों के लिए अपनी अलग प्रवेश परीक्षा नहीं कराएगा, हालांकि बाकी कोर्सेज के लिए पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी।
कुलपति प्रो. जेपी सैनी के निर्देश पर हुए इस बदलाव के तहत केवल क्लैट-2027 में शामिल अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा से प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और एकरूपता आएगी, साथ ही पाठ्यक्रम की गुणवत्ता भी एनएलयू के स्तर की होगी।

दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आएंगे फॉर्म : एलएलबी पांच वर्षीय और बीबीए-एलएलबी पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समर्थ पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध होंगे। आवेदन के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली क्लैट-2027 परीक्षा में शामिल होंगे। प्रवेश के लिए अंतिम मेरिट सूची क्लैट-2027 में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश शासन के निर्धारित आरक्षण नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।