Whatsapp Call Bribery Pressure Cbi Tightens Noose On Head Constable And Ed Officer
वॉट्सऐप कॉल पर रिश्वत के लिए दबाव बना रहा था हेड कॉन्स्टेबल
Contributed by: ankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : पांच लाख रुपये की रिश्वत मामले में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार हेड कॉन्स्टेबल मनोज द्विवेदी वॉटसऐप कॉल करके रिश्वत के लिए दबाव बना रहा था। सीबीआई की एक टीम ने शुक्रवार को देर रात तक गिरफ्तार ED के प्रवर्तन अधिकारी (ईओ) दीपक कुमार के गोमतीनगर स्थित घर को खंगाला और कई अहम दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। दिल्ली सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिकायतकर्ता पक्ष पर कथित दबाव बनाने और रिश्वत मांगने की प्रक्रिया में इन दो के अलावा और कौन-कौन शामिल था।
जांच में सामने आया है कि बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में शिकायतकर्ता पक्ष से लगातार संपर्क किया जा रहा था। वह मेडिकल का हवाला देकर बयान देने नहीं आ रहा था, जिसके बाद उसे राहत दिलवाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई और इसके लिए वॉट्सऐप कॉल के जरिए भी दबाव बनाया जाता था। सीबीआई अब कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और आरोपितों के बीच हुई बातचीत की पड़ताल कर रही है।गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने प्रवर्तन अधिकारी के आवास और अन्य ठिकानों की भी तलाशी ली है। जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि कथित रिश्वत मांगने और वसूली की कार्रवाई व्यक्तिगत स्तर तक सीमित थी या इसके तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं। ऐसे में जांच की आंच विभाग के अन्य अधिकारियों तक भी पहुंच सकती है। मामले के प्रशासनिक असर भी दिखने लगे हैं। गिरफ्तार प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार के निलंबन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, ईडी में प्रतिनियुक्ति पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल मनोज द्विवेदी को वापस सीआरपीएफ भेजा जाएगा। सीबीआई ने 23 अक्टूबर को मामला दर्ज किया था।