यूपी में भाजपा के दिग्गज करेंगे चुनावी शंखनाद

नवभारतटाइम्स.कॉम•
election bugle in up pm modi shah and nadda to gather bjp stalwarts
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

भाजपा के शीर्ष नेता इस हफ्ते यूपी में रहेंगे। माना जा रहा है कि इसी के साथ पार्टी चुनावी शंखनाद करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और गृह मंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेता प्रदेश में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उसके बाद अगले महीने भी पार्टी कई सभाओं के जरिए चुनावी माहौल तैयार करेगी।
एयर शो में शामिल होंगे पीएम : भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को ही अयोध्या पहुंच गए। यहां उन्होंने अवध क्षेत्र की बैठक की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी दौरे पर हैं। यहां वह नमो घाट पर वायु की 94वीं वर्षगांठ पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर भव्य एयर शो में शामिल होंगे। इसके अलावा वह एक गारमेंट फैक्ट्री का भी उद्घाटन करेंगे। यहां वह भुवनेश्वर के लिए रवाना हो जाएंगे।

चुनावी रोडमैप पर मंथन करेंगे शाह : गृह मंत्री 30-31 अक्टूबर को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होंगे। इस कार्यसमिति में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और रोडमैप पर मंथन होगा। खासतौर से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनाव के मद्देनजर चुनावी सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा होगी। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए वह पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां देकर टारगेट तय कर सकते हैं। वह प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की तैयारियों का फीडबैक लेंगे।

सुभासपा के साथ रैली करेंगे नवीन : राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 29 अक्टूबर को भाजपा के सहयोगी दल सुभासपा के साथ रैली में शामिल होंगे। सामाजिक समरसता महारैली नाम से यह आजमगढ़ में होगी। इसके जरिए सहयोगी दलों के साथ सकारात्मक संबंधों का संदेश देंगे। साथ ही एससी और ओबीसी वोटरों को भी जोड़ने की कोशिश होगी।